भूठ में निर्माण कार्य के दौरान तीन राज मिस्त्रियों की संदिग्ध मौत, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
त्यूनी 07 जनवरी 2026
7 दिसंबर 2025 को ग्राम भूठ स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग के एक कमरे में रह रहे तीन राज मिस्त्रियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
बताया गया कि तीनों राज मिस्त्री रात को कमरे का दरवाजा बंद कर सोए थे, लेकिन काफी समय तक बाहर न निकलने और दरवाजा न खुलने पर ग्रामीणों को शक हुआ। बंद कमरे से तेज गैस की दुर्गंध आ रही थी और कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
घटना की सूचना तत्काल तहसील प्रशासन त्यूनी को दी गई। मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतकों के परिजनों द्वारा तहसील त्यूनी में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन आज तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
इसी को लेकर आज आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा शिविर में ग्रामीणों एवं मृतकों के परिजनों ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि 15 जनवरी तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।

