उत्तरकाशी आपदा में फंसे 112 लोगों को चिनूक और MI-17 हेलीकॉप्टरों से आज देहरादून पहुंचाया गया :--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
देहरादून 07 अगस्त 2025
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आपदा के चलते फंसे यात्रियों को चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों की मदद से आज सकुशल देहरादून लाया गया। अब तक कुल 112 तीर्थयात्रियों को एयरलिफ्ट किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर देहरादून एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन की टीम मुस्तैद रही। यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार, नि:शुल्क औषधि वितरण और रिफ्रेशमेंट की समुचित व्यवस्था की गई। तत्पश्चात यात्रियों को विशेष वाहनों के माध्यम से आईएसबीटी देहरादून और ऋषिकेश भेजा गया, जहां से वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रहे हैं।
देहरादून एयरपोर्ट पर जिलाधिकारी डॉ. सविन बंसल ने आपदा प्रबंधन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर हवाई शटल सेवा की रणनीति तैयार की और निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी व्यवस्थाएं सक्रिय मोड में रखी जाएं और यात्रियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।
जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट पर लाए गए तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उत्तराखंड सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। तीर्थयात्रियों ने भी सुरक्षित रेस्क्यू एवं सरकार द्वारा की गई त्वरित व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही देहरादून एयरपोर्ट से आवश्यक रसद, मशीनरी और अन्य राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्र में भेजी जा रही है। साथ ही हर्षिल में शेष फंसे लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य भी जारी है।
इस अवसर पर एसएसपी अजय सिंह, सीडीओ अभिनव शाह, एसपी ऋषिकेश जया बलूनी, एसडीएम, खंड विकास अधिकारी डोईवाला सहित अन्य संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।

