धराली (उत्तरकाशी) आपदा: राहत एवं बचाव कार्यों में केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त कार्रवाई :------ ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
-----केंद्र और राज्य सरकार ने राहत- बचाव अभियान में झौंकी ताकत
-----मौसम की चुनौतियों के बावजूद सीएम पुष्कर सिंह धामी पहुंचे ग्राउंड जीरो पर
-----सेना, बीआरओ, एनडीआरएफ ,एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन सहित तमाम एजेंसियां जुटी बचाव अभियान में
----धराली (उत्तरकाशी) आपदा: राहत एवं बचाव कार्यों में केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त कार्रवाई
धराली हर्षिल 06 अगस्त, 2025
उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के दृष्टिगत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी ताकत झोंक दी गई है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं बुधवार को आपदा ग्रस्त क्षेत्र पहुंचे और राहत कार्यों की जमीनी समीक्षा की।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रातः मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भेंट कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया एवं निर्देश दिए कि सभी आवश्यक राहत सामग्री समयबद्ध रूप से प्रभावितों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों को गति देने के लिए दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से खाद्य एवं राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्र में भेजी गई है।
राज्य सरकार की मांग पर केंद्र द्वारा चंडीगढ़, सरसावा एवं आगरा से 02 चिनूक एवं 02 एमआई-17 हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर तैनात किए गए हैं। चिनूक हेलीकॉप्टर के माध्यम से भारी मशीनरी भी राहत स्थल पर पहुंचाई जा रही है।
राहत कार्यों में सेना के 125 जवान, आईटीबीपी के 83 जवान, बीआरओ के 06 अधिकारी एवं 100 से अधिक श्रमिक सड़कों को खोलने एवं अन्य कार्यों में जुटे हुए हैं। एनआईएम एवं एसडीआरएफ लिम्चागाड में अस्थायी पुल निर्माण कार्य में लगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दून मेडिकल कॉलेज, कोरोनेशन अस्पताल एवं एम्स ऋषिकेश में विशेष रूप से बेड आरक्षित किए गए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उत्तरकाशी रवाना की गई है, जिनमें मनोचिकित्सक भी शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा हर्षिल, जीएमवीएन एवं झाला में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। बिजली एवं संचार नेटवर्क की बहाली का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है।
राज्य सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन में समन्वय हेतु तीन आईएएस, दो आईजी एवं तीन एसएसपी स्तर के अधिकारी पहले ही उत्तरकाशी भेजे जा चुके हैं।
राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित नागरिक को शीघ्रतम राहत प्रदान कर क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करना है।





