वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री लीलाधर जगूड़ी ने किया गौहन्ना डॉट कॉम का विमोचन:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
देहरादून। वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री लीलाधर जगूड़ी ने पीसीएस अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की पुस्तक गौहन्ना डॉट कॉम का लोकार्पण करते हुए कहा कि “लोकजीवन के बिना साहित्य अधूरा है।” उन्होंने लेखक की रचनाधर्मिता की सराहना करते हुए हिंदी साहित्य में लोकजीवन आधारित सृजन के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. सुधा रानी पांडे ने वेदों और उपनिषदों का उल्लेख करते हुए संस्मरण साहित्य को प्राचीन परंपरा का हिस्सा बताया और लेखक के प्रयास को अभिनव प्रयोग करार दिया। वरिष्ठ साहित्यकार असीम शुक्ल ने तुलसीकृत रामचरितमानस से जोड़ते हुए पुस्तक को हृदय से निकले उद्गारों की अभिव्यक्ति कहा।संयुक्त निदेशक, सूचना विभाग डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि इस कृति को पढ़ते समय ऐसा प्रतीत होता है मानो कोई मधुर संगीत साथ चल रहा हो। उन्होंने पुस्तक के अंशों का उल्लेख करते हुए कहा कि लेखक पाठकों को अपने बचपन की स्मृतियों तक ले जाने में सक्षम हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं साहित्यकार अमित श्रीवास्तव ने बदलते दौर में नव साहित्य के महत्व को रेखांकित किया और लेखक को बधाई दी।हरिद्वार से आए वरिष्ठ साहित्यकार रमन जी ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए काव्यपाठ किया और डॉ. ललित को बधाई दी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मूर्धन्य साहित्यकार डॉ. देवी प्रसाद तिवारी ने इस कृति को हिंदी साहित्य की एक अलग विधा में रचा गया ग्रंथ बताया।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी साहित्य समिति देहरादून के अध्यक्ष प्रो. डॉ. राम विनय ने किया। उन्होंने पुस्तक को अवध एवं मिथिला की संस्कृति के संवाद के रूप में अद्वितीय कृति बताया। संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार के प्रो. डॉ. अरविन्द नारायण मिश्र ने समापन व्याख्यान में लेखक को सतत नए सृजन की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का आयोजन प्लीजेंट ट्री होटल सभागार में हुआ, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार जितेन ठाकुर, कवि श्रीकांत श्री, अंबर खरबंदा, सतीश बंसल, लेखिकाएं सुमन पांडे व ऊषा झा, लेखक कुलदीप गैरोला, रणधीर अरोड़ा, अनुपम द्विवेदी, के.के. पांडे, विजय सिंह, सतीश अग्रवाल, तुषार गुप्ता, डॉ. शिवकुमार बरनवाल, अशोक पांडेय, दीपक रौतेला सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
ब्यूरो ----बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
