स्वरोजगार की योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को करे लाभान्वित : जिलाधिकारी:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
नई तकनीकों से संबंधित आवेदनों को दी जाए प्राथमिकता – जिलाधिकारी प्रशांत आर्य
उत्तरकाशी, 26 सितंबर 2025
जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला प्राधिकृत समिति की बैठक का आयोजन शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में जिला उद्योग केंद्र द्वारा एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य निवेशकों को समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक स्वीकृतियां एवं अनुमतियां प्रदान करना है। उद्योग स्थापना में आ रही किसी भी प्रकार की अड़चनों को प्राथमिकता से दूर किया जाए, ताकि रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होते रहें। उन्होंने कहा कि निवेश और उद्योग से जिले के लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने एमएसएमई नीति 2015 के तहत स्थापित 53 इकाइयों की समीक्षा की, जिनमें होटल, सोलर प्लांट, पिरूल, बागवानी, मिनरल वाटर, खाद्य प्रसंस्करण, पेट्रोल पंप तथा ब्रिक एवं टाइल्स निर्माण जैसे उद्योग शामिल हैं। ब्याज देयकों के दावों की समीक्षा करते हुए विलम्ब से प्रस्तुत दावों पर उद्यमियों से कारण जाना गया। इन पर समिति द्वारा आगे निर्णय लिया जाएगा।महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शैली डबराल ने बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वरोजगार योजनाओं का व्यापक प्रचार–प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में नई तकनीकों से संबंधित आवेदनों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, उन्होंने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में संसाधनों को बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में एपीडी रमेश चन्द्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशीष खुदलानी, लीड बैंक मैनेजर ब्रह्मानंद सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल मनोज गुसाईं सहित अन्य अधिकारी एवं उद्यमी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।ब्यूरो:---बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
