चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी का सेना के माध्यम से होगा संचालन : मुख्यमंत्री:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में किया प्रतिभाग
चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी का सेना के माध्यम से होगा संचालन : मुख्यमंत्री
उत्तरकाशी 19 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकासखंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं व शिकायतें सुनीं और अधिकारियों की उपस्थिति में अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पाँच लाख से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया है, जबकि 40 हजार से अधिक नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है।
सरकार की मंशा है कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव शिविर लगाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुलभ और पारदर्शी बनी है।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवा के विस्तार को लेकर कहा कि चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी तथा गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारंभ हो जाएगी, जिसके लिए सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि यात्रा के संचालन में सरकार समन्वयक की भूमिका निभाती है, जबकि स्थानीय हितधारक—तीर्थ पुरोहित, होटल, टैक्सी व स्थानीय लोग—मुख्य भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में सनातन का उद्घोष हो रहा है और माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा उत्पादित उत्पादों को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अब तक दो लाख से अधिक ‘लखपति दीदियों’ को सशक्त किया जा चुका है।
इस अवसर पर स्थानीय मांग पर सीएचसी चिन्यालीसौड़ तथा महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित करने का आश्वासन भी दिया गया।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में पाँच लाख से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है तथा 40 हजार से अधिक नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर निस्तारण किया गया है, जबकि शेष मामलों को ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा।
इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान, ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह महंत, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
