अफीम की खेती के विरुद्ध टीम बनाकर चलाएं साझा अभियान : जिलाधिकारी :---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
नशे के विरुद्ध सभी को मिलकर करना होगा प्रयास : प्रशांत आर्य
उत्तरकाशी, 30 जुलाई 2025
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को नारकोटिक्स समन्वय (एनकॉर्ड) की जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अफीम की अवैध खेती एवं मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राजस्व, पुलिस, आबकारी विभाग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के समन्वय से संभावित क्षेत्रों में साझा अभियान चलाया जाए, ताकि अवैध अफीम खेती पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जंग एक साझा जिम्मेदारी है, जिसमें प्रत्येक विभाग की सक्रिय भूमिका जरूरी है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आसपास सिगरेट, गुटखा व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही मेडिकल स्टोर्स पर भी निगरानी बढ़ाने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार का अवैध ड्रग्स कारोबार न पनप सके।उन्होंने मादक पदार्थों के प्रति जनजागरूकता अभियान को लगातार चलाए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
बैठक में उपस्थित विभागों ने अपने-अपने स्तर पर मादक पदार्थों के विरुद्ध संचालित अभियानों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, डीएफओ रविन्द्र पुंडीर, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा, एसडीएम शालिनी नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल सहित कई अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागीदारी की।ब्यूरो -- बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
