भारी भूस्खलन से नेटवाड़-जखोल मोटर मार्ग तीन दिन से ठप, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
मोरी6 जुलाई 2025
विकासखंड मोरी के अंतर्गत आने वाला प्रमुख नेटवाड़-जखोल मोटर मार्ग बीते तीन दिनों से भारी भूस्खलन के चलते सुनकुंडी के पास तीन से चार किलोमीटर तक बाधित है। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने मार्ग को कई स्थानों पर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण पांव, सुनकुंडी, सीरगा, जखोल, धारा, फिताड़ी, रेकचा, हरिपुर, कासला, राला, लेवाड़ी समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को चार से पांच किलोमीटर पैदल सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है।भूस्खलन से सुनकुंडी, जखोल और धारा गांवों में सैकड़ों सेब के फलदार पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में तहसील प्रशासन मोरी द्वारा क्षति आकलन कर रिपोर्ट उपजिलाधिकारी पुरोला को भेज दी गई है।इस समय क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में प्रत्याशियों सहित आम ग्रामीणों को मोरी मुख्यालय तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पहले एक दिन में काम निपट जाता था, अब दो दिन लग रहे हैं।स्थनीय निवासी भगत राणा, मोती सिंह रावत, जयचंद, सूरज रावत, सूरत सिंह और राजमोहन राणा ने लोक निर्माण विभाग, पुरोला पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग की सुस्ती के कारण दस से अधिक गांवों को जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग तीन दिन से बंद है। इससे न सिर्फ स्कूली बच्चों और बीमार व्यक्तियों, बल्कि चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।इस विषय में अधिशासी अभियंता बलराज मिश्रा ने बताया कि मार्ग पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात की गई हैं। "सुनकुंडी-जखोल के बीच सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे बहाली में समय लग रहा है।" उन्होंने उम्मीद जताई कि आज शाम या रात तक मार्ग बहाल कर दिया जाएगा। साथ ही अवर अभियंता को भी मौके पर तैनात किया गया है।ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
