विधवा माँ प्रिया को प्रताड़ित करने वाले निजी बैंक CSL पर बड़ी कार्रवाई; बैंक सील, खाते जब्त, नीलामी की तैयारी :---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
विधवा माँ प्रिया को प्रताड़ित करने वाले निजी बैंक CSL पर बड़ी कार्रवाई; बैंक सील, खाते जब्त, नीलामी की तैयारी
बैंक को ऋण बीमा के बावजूद वसूली की जिद महंगी पड़ी; डीएम के आदेश पर सख्त कार्रवाई
देहरादून, 28 जुलाई 2025
चार नन्हीं बच्चियों की विधवा माँ प्रिया को प्रताड़ित करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए CSL फाइनेंस लिमिटेड के कार्यालय को सील कर चल-अचल संपत्ति जब्त कर दी है। बैंक पर आरोप है कि मृतक पति द्वारा बीमित 6.50 लाख रुपये के ऋण के बावजूद क्लेम राशि नहीं दी गई, और उल्टा घर के कागजात जब्त कर महिला को मानसिक, आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
क्या है मामला
प्रिया के पति स्व. विकास कुमार ने 6.50 लाख रुपये का गृह ऋण CSL फाइनेंस से लिया था, जिसका बीमा भी बैंक के माध्यम से कराया गया था। जुलाई 2024 में विकास की आकस्मिक मृत्यु हो गई। बीमा होने के बावजूद बैंक न तो लोन माफ कर रहा था और न ही बीमा कंपनी से क्लेम दिलवा रहा था। उल्टे, महिला से कागज़ात जबरन लेकर वसूली की धमकी दी जा रही थी।
एक साल से दर-दर भटक रही प्रिया ने अंततः 11 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय में गुहार लगाई। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बैंक प्रबंधक पर 7.15 लाख रुपये की आरसी जारी की।
बैंक ने नहीं मानी बात, प्रशासन ने ठोकी कार्रवाई
प्रशासन द्वारा बैंक को एक सप्ताह का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में बैंक ने न तो नो ड्यूज जारी किया और न ही वसूली में सहयोग किया। इसके बाद प्रशासन ने बैंक की चल संपत्ति कुर्क की। कुर्क की गई संपत्ति वसूली हेतु अपर्याप्त होने पर उत्तर प्रदेश भू-राजस्व संहिता 1950 की धारा 282 के अंतर्गत बैंक खातों की कुर्की के आदेश भी जारी कर दिए गए।
प्रशासन के फैसलों से राहत और भय दोनों
डीएम सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन लगातार निजी बैंकों व वित्तीय संस्थानों द्वारा आम नागरिकों के साथ की जा रही धोखाधड़ी पर नकेल कस रहा है। जनहित में लिए गए इन फैसलों से जहां आमजन को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं गैरजिम्मेदार बैंकों में खलबली मची हुई है।
प्रिया जैसी असहाय महिलाओं के साथ हुए अन्याय पर प्रशासन की यह सख्ती एक मिसाल के रूप में देखी जा रही है। इस कार्यवाही से जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और प्रिया के जैसे अनेक पीड़ितों को न्याय की आशा भी।




