उत्तरकाशी 05 अगसत 2025
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद अंतर्गत हर्षिल-धराली क्षेत्र में मंगलवार रात को हुई अतिवृष्टि और बादल फटने की घटना से उत्पन्न आपदा की स्थिति का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी स्वयं मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमें तत्काल रवाना कर दी गई हैं तथा सभी आवश्यक इंतजाम युद्धस्तर पर सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
प्रशासन, सेना, SDRF, NDRF तथा अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
धराली गांव में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने एनडीआरएफ एवं अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना पूर्व निर्धारित दौरा स्थगित कर तत्काल देहरादून के लिए प्रस्थान किया है ताकि राहत कार्यों की निगरानी की जा सके।
इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर वार्ता कर घटना की जानकारी ली और राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रभावित नागरिकों को शीघ्र राहत पहुंचाना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ब्यूरो:----बंगाण एक्सप्रेस न्यूज




