एक नई रीत का सृजन कर रहे हैं झाला गांव के युवा :--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
यहां के युवाओं में प्रकृति के प्रति असीम प्रेम को देखकर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इनके कार्यों की सराहना की।
“थैंक यू नेचर” अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि यह प्रकृति को स्वच्छ रखने का एक संस्कार बन चुका है।
प्रकृति सार्वभौमिक है जो हमें सब कुछ देता है इसे स्वच्छ रखना नैतिक दायित्व ही नहीं कर्म है: ग्राम प्रधान अभिषेक रौतेला
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा युवक मंगल दल के स्वयं सेवियों की सहयोग कर शुभकामना दी
झाला / हर्षिल / उत्तरकाशी
5 अक्टूबर 2025
ग्राम प्रधान अभिषेक रौतेला का कहना है कि “प्रकृति सार्वभौमिक है, जो हमें सब कुछ देती है। इसे स्वच्छ रखना केवल नैतिक दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारा कर्म भी है।”
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला प्रशासन ने युवक मंगल दल के स्वयंसेवकों को सहयोग और शुभकामनाएं प्रदान कीं।
देवभूमि उत्तराखंड के जनपद उत्तरकाशी का सुदूरवर्ती गांव झाला, जो पर्यटन स्थल हर्षिल से लगभग 5 किलोमीटर तथा गंगोत्री धाम से 30 किलोमीटर पहले स्थित है, अपनी धार्मिक मान्यताओं और प्राकृतिक छटा के लिए प्रसिद्ध है। माँ गंगा के तट पर बसा यह गांव अतिथि देवो भव की परंपरा को जीवंत रखे हुए है।यहां के लोग मुख्यतः कृषि, पशुपालन, बागवानी, होटल व ढाबा व्यवसाय से आजीविका अर्जित करते हैं। प्रकृति के प्रति प्रेम इनके संस्कारों में रचा-बसा है।
इसी कड़ी में गत वर्ष 8 जुलाई 2024 को गांव के युवा अभिषेक रौतेला ने अपनी शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना को आत्मसात करते हुए युवक मंगल दल के सहयोग से “थैंक यू नेचर” अभियान की शुरुआत की।
शुरुआती दौर में यह अभियान केवल पाँच लोगों — अभिषेक रौतेला, प्रियांशु रौतेला, तनुजा उनियाल, प्रवेश रौतेला, अभिराज रौतेला, आदेश रौतेला — के प्रयासों से शुरू हुआ, परंतु आज यह गांव के हर नागरिक की जिम्मेदारी और गर्व का प्रतीक बन चुका है।
इस अभियान के अंतर्गत युवा प्रत्येक सप्ताह गांव की सीमा के भीतर फैले कचरे को एकत्र कर उसका वैज्ञानिक निस्तारण करते हैं। अभियान की सराहना माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भी की थी और टीम को साधुवाद दिया था।
वर्तमान में ग्राम प्रधान के रूप में अभिषेक रौतेला इस मुहिम को नई दिशा दे रहे हैं। हाल ही में स्कूली बच्चों ने भी अवकाश के बाद थैंक यू नेचर अभियान में भाग लेकर अपने गांव के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया। बच्चों ने न केवल कचरा एकत्र किया बल्कि स्वच्छता का संदेश देते हुए ग्रामवासियों में जागरूकता भी फैलाई।
देवभूमि का यह छोटा-सा गांव आज युवाओं की बदौलत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बनकर उभर रहा है।
झाला गांव की यह नई रीत न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रही है।

