जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
सुनील थपलियाल अध्यक्ष, सुरेंद्र नौटियाल महामंत्री निर्वाचित:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 12 नवंबर 2025
जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन के अंतिम सत्र में सर्वसम्मति से सुनील थपलियाल को अध्यक्ष, सुरेंद्र नौटियाल को महामंत्री तथा प्रकाश रांगड़ को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस “जनपद उत्तरकाशी में तीर्थाटन व पर्यटन की अपार संभावनाओं में मीडिया की भूमिका” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरणविद् प्रताप पोखरियाल को “विशिष्ट सेवा सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, सीओ जनक पंवार, जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा सहित जिलेभर से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी में धार्मिक, साहसिक और प्राकृतिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, जिनके प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाने और जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। वे जनपद के कोने-कोने की जानकारी जनता तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यदि मीडिया टीआरपी या सनसनी से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दे, तो समाज में सशक्त और सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने कहा कि पत्रकारों का अधिवेशन संवाद और एकता का सशक्त मंच है, जहाँ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों को एक-दूसरे से जुड़ने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है। कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकार जनहित के मुद्दों को समाज के सामने लाने का कार्य करते हैं, जो वास्तव में सराहनीय है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को आपदा-प्रवण जनपदों के पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराना चाहिए। साथ ही मान्यता प्राप्त व गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को 20 हजार रुपये मासिक पेंशन तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में पत्रकार एवं उसके परिवार का सम्पूर्ण इलाज खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाना चाहिए।
अधिवेशन के समापन सत्र में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही पत्रकार संघ को और अधिक सशक्त, संगठित एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर
एल आई यू जिला प्रभारी दीपक रावत, पत्रकार
सुनील थपलियाल, मदन पैन्यूली, सुरेंद्र नौटियाल,
पृथ्वी दत्त नैथानी, बलवीर परमार ,गंभीर पाल परमार शिव सिंह थलवाल, राजेंद्र रांगड़, आशीष मिश्रा नीलकमल ,महावीर सिंह शंकर सिंह गुसाईं, वीरेंद्र नेगी, संदीप चौहान ,विनोद रावत, भगत सिंह राणा, रामचंद्र उनियाल ,राजीव नौटियाल श्रीमती रमा भट्ट ,सुरेंद्र भट्ट सोबन असवाल, विनोद रावत ,सचिन नौटियाल तिलक रमोला, विजयपाल रावत ,वीरेंद्र चौहान अरविंद थपलियाल, हरीश चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान,राधा कृष्ण उनियाल , कृष्णा राणा चैन सिंह असवाल ,राकेश रतूड़ी, अनिल रावत गिरीश गैरोला,कुशला प्रसाद ,राजेश रतूडी,विनोद रतूडी, हेमकांत नौटियाल ,सूर्य प्रकाश नितिन रमोला, चंद्र प्रकाश बहुगुणा, राजेंद्र भट्ट , संतोष शाह प्रकाश रांगड़, जगमोहन सिंह चौहान, ओंकार बहुगुणा,द्वारिका सेमवाल ,भगवती रतूडी, उपेंद्र असवाल, नितिन चौहान , जय प्रकाश राणा,सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद थे
ब्यूरो:--- बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
