विकास भवन उत्तरकाशी में बहुउद्देश्यीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों को मिला विधिक परामर्श व योजनाओं का लाभ:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 14 दिसम्बर 2025
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी द्वारा विकास भवन परिसर में बहुउद्देश्यीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा न्याय तक सरल एवं सुलभ पहुँच के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला जज गुरुबख्श सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के सांस्कृतिक दल जन आस्था कला मंच एवं राजकीय इंटर कॉलेज मातली की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।मुख्य अतिथि जिला जज गुरुबख्श सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विधिक साक्षरता समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि संविधान में नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और दायित्वों का भी बोध कराया गया है, जिनका जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन हर नागरिक को करना चाहिए।उन्होंने पारिवारिक मामलों में बढ़ते विवादों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संवाद की कमी के कारण समाज में पारिवारिक विघटन बढ़ रहा है, जो गंभीर सामाजिक चुनौती है। परिवार को एकजुट रखना भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। साथ ही उन्होंने स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक परिधानों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम हैं।जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने कहा कि इस प्रकार के शिविर आम नागरिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं उनके कानूनी अधिकारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए न्याय का सशक्त माध्यम है, जहाँ आपसी सुलह-समझौते से मामलों का त्वरित निस्तारण होता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।सचिव/सिविल जज (एसडी) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिन कुमार ने प्राधिकरण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों का आयोजन, विधिक जागरूकता शिविर, पैरालीगल वॉलंटियर्स की तैनाती, पीड़ित प्रतिकर योजना का क्रियान्वयन तथा न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं मानव-केंद्रित बनाना प्राधिकरण की प्रमुख गतिविधियाँ हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहाँ विधिक परामर्श, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण एवं श्रमिक कानूनों से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि जिला जज एवं जिलाधिकारी द्वारा स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों को चेक, दिव्यांग उपकरण आदि वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट के अंतर्गत लदाड़ी निवासी अंजू, सोनम, हरिकला, रोशनी, सोनम एवं शिवानी को किट वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गौरा देवी स्वयं सहायता समूह, न्याय पंचायत गाजणा को 15 लाख रुपये, प्रगति स्वयं सहायता समूह, न्याय पंचायत नाकुरी को 10 लाख रुपये, देवभूमि धनेश्वर स्वयं सहायता समूह, न्याय पंचायत पीपली को 10 लाख रुपये तथा माँ चन्दोमती स्वयं सहायता समूह, कोटियाल गांव को 6 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।कृषक पुरस्कार योजना के अंतर्गत कमल सिंह, अमीन नेगी, पंकज गैरोला, जगदीश एवं इलम सिंह कैंतुरा को 10-10 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु किरण देवी, काल्की देवी, विनिता देवी, हरि प्रसाद, धर्म सिंह, निता देवी एवं राम सिंह को कान की मशीनें तथा सोहन लाल एवं रघुवीर को व्हीलचेयर प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला जज द्वारा विकास भवन परिसर स्थित श्रीराम वाटिका में अमरूद का पौधारोपण भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभय सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन जयश्री राणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट करिश्मा डंगवाल, डीएफओ डीपी बलूनी, एसडीएम देवानंद शर्मा, शालनी नेगी, सीएमओ बीएस रावत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, मुख्य शिक्षाधिकारी अमित कोटियाल, अध्यक्ष जिला बार संघ महावीर प्रसाद भट्ट, उपाध्यक्ष जिला बार संघ पवन दत्त जोशी, पूर्व अध्यक्ष जिला बार संघ जेपी नोटियाल, सीओ जनक पंवार, सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, सीवीओ एचएस बिष्ट, सीएओ एसएस वर्मा, अधिवक्ता अरविंद सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





