हनोल मास्टर प्लान विस्थापन संघर्ष समिति का गठन, हरीश बने अध्यक्ष:------ ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
– प्रभावित ग्रामीणों ने बावर खत के सदर स्याणा चमन सिंह को मुख्य संरक्षक नियुक्त किया
हनोल 10 फरवरी 2026
जौनसार-बावर क्षेत्र के प्रसिद्ध महासू देवता मंदिर हनोल में निर्माणाधीन मास्टर प्लान से प्रभावित स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार को एक खुली बैठक आयोजित कर हनोल मास्टर प्लान विस्थापन संघर्ष समिति का गठन किया। बैठक में सर्वसम्मति से बावर खत के सदर स्याणा एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह को समिति का मुख्य संरक्षक, जबकि हनोल-चातरा के पूर्व प्रधान हरीश राजगुरु को संघर्ष समिति का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक में बताया गया कि महासू मंदिर हनोल में लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे मास्टर प्लान के अंतर्गत आबादी क्षेत्र में कई पीढ़ियों से बसे स्थानीय ग्रामीण परिवारों को विस्थापित किया जा रहा है। प्रभावितों के हितों की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से इस संघर्ष समिति का गठन किया गया है।
समिति के अन्य पदाधिकारियों में सीआर राजगुरु को संरक्षक, रमेश सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रोशनलाल को उपाध्यक्ष, जयकिशन को सचिव, नत्थी प्रसाद को सह-सचिव तथा चमन वर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संघर्ष समिति की कार्यकारिणी में प्रभूलाल, कपिल, अनिल, महेंद्र वर्मा, कविता, ललिता, आशा देवी, निशा, सुशीला देवी, विनोद, नवीन वर्मा, कमल, मोहनलाल, जितेंद्र, टोनी, सूरज, यशनाथ, प्रेम प्रसाद, ताराचंद, प्रदीप वर्मा और धीरज सहित कई सदस्य नामित किए गए।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने बताया कि मास्टर प्लान से प्रभावित ग्रामीण नई जगहों पर पुनर्वास के लिए भवन निर्माण कार्य प्रारंभ कर चुके हैं, जिसमें पर्याप्त समय लगने की संभावना है। इसके मद्देनज़र शासन-प्रशासन से विस्थापित परिवारों को निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु अतिरिक्त समय देने की मांग की जाएगी।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि वह प्रभावित ग्रामीण परिवारों के हितों की रक्षा के लिए शासन-प्रशासन, मंदिर प्रबंधन समिति एवं पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में कार्य करेगी।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
