मानस हेल्पलाइन 1933 के व्यापक प्रचार पर जोर : जिलाधिकारी
उत्तरकाशी, 12 फरवरी 2026
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा चिन्हित क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु गठित जिला स्तरीय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि भांग एवं अफीम की खेती पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संबंधित क्षेत्रों को चिन्हित कर बुवाई के प्रारंभिक चरण से ही निरंतर निगरानी एवं जांच की जाए तथा किसी भी दशा में अवैध खेती न होने दी जाए। इसके लिए राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर अवैध खेती को नष्ट करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। एंटी ड्रग किट के माध्यम से मौके पर ही प्राथमिक जांच कर त्वरित विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने मादक पदार्थों की रोकथाम में जन-सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों एवं उनकी रोकथाम को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही संबंधित विभागों एवं संगठनों द्वारा मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन एवं तस्करी से संबंधित विस्तृत डाटा संकलित कर संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना अत्यंत आवश्यक है। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती अथवा नशीली गतिविधियों से संबंधित शिकायतों की रिपोर्टिंग हेतु मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, वन क्षेत्राधिकारी यशवंत सिंह उपस्थित रहे, जबकि पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, एसीएमओ बी.एस. पांगती, समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
