---माता-पिता पैरालाइज्ड, कैंसर पीड़ित व पिता के साये से वंचित 34 बेटियों की बाधित शिक्षा डीएम ने फिर से की पुनर्जीवित:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
--प्रोजेक्ट ‘नंदा-सुनंदा’ बना संबल, जिला प्रशासन ने भरी फीस
देहरादून | 13 फरवरी 2026
माता-पिता के पैरालाइज्ड होने, पिता के कैंसर पीड़ित होने अथवा पिता के निधन के कारण शिक्षा से वंचित हो रही 34 बालिकाओं की पढ़ाई को जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट ‘नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से पुनर्जीवित किया है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रोजेक्ट ‘नंदा-सुनंदा’ के 13वें संस्करण में जिलाधिकारी सविन बंसल ने बालिकाओं को चेक वितरित किए। कुल 9 लाख रुपये की धनराशि से 34 बालिकाओं की शिक्षा बहाल की गई। अब तक इस परियोजना से 62 लाख रुपये से अधिक की सहायता देकर 126 बालिकाओं की शिक्षा पुनर्जीवित की जा चुकी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि सभी बालिकाएं नंदा-सुनंदा देवियों के समान हैं। बालिकारूपी इन देवियों की शिक्षा को पुनर्जीवित कर उन्हें योग्य बनाना ही ‘नंदा-सुनंदा’ की असली वंदना है। उन्होंने बालिकाओं से शिक्षा के प्रति ललक बनाए रखने, महापुरुषों की जीवनियाँ पढ़ने और आगे चलकर अन्य बालिकाओं के लिए रोल मॉडल बनने का आह्वान किया।इन बेटियों की शिक्षा हुई पुनर्जीवित (उदाहरण):
--पिता के निधन से वंचित अलाईना रावत (बीएससी नर्सिंग), आकृति बडोनी (बी-कॉम), तनिका (कक्षा 10), लावण्या (कक्षा 9), दिव्या (कक्षा 6), नंदनी (यूकेजी), ईशिका (कक्षा 3)
पैरालाइज्ड पिता की बेटी शिवांगी (बीएजे एंड एमसी डिजिटल, द्वितीय सेमेस्टर)
कैंसर पीड़ित पिता की बेटी सृष्टि (बीसीए, 5वां सेमेस्टर)
कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण बाधित शिक्षा वाली अन्य बालिकाएं, जिनमें यूकेजी की मानवी सहित कुल 34 बालिकाएं शामिल हैं।
परिजनों ने जताया आभारकार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। अभिभावकों ने बताया कि फीस न भर पाने के कारण बच्चों की पढ़ाई रुकने की नौबत आ गई थी, लेकिन ‘नंदा-सुनंदा’ परियोजना से उनकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित हुआ।
उपस्थित अधिकारी:
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) जितेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित बालिकाओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

