वित्तीय वर्ष समाप्ति पर 31 मार्च को बैंक और कोषागार देर तक रहेंगे खुले :---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 30 मार्च 2026
वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के अवसर पर सरकारी विभागों को आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। शासन से प्राप्त बजट के समयबद्ध उपयोग और सभी राजकीय वित्तीय लेन-देन को पूर्ण करने के उद्देश्य से जिले के सभी बैंक, कोषागार और उप-कोषागारों को 31 मार्च 2026 को देर तक खुला रखने के आदेश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने वित्तीय हस्तपुस्तिका के प्रावधानों के तहत वरिष्ठ कोषाधिकारी, उप-कोषाधिकारी तथा सभी संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि को राजकीय कार्यों के निष्पादन हेतु कार्यालयों को सामान्य समय से अधिक समय तक संचालित करें। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक सभी सरकारी लेन-देन पूर्ण होने की पुष्टि जिलाधिकारी या वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा नहीं कर दी जाती।
इसके अतिरिक्त, जिले के लीड बैंक मैनेजर एवं भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि कोषागारों एवं उप-कोषागारों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और तकनीकी व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें, जिससे अंतिम समय में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
