पंतनगर कृषि कुंभ में आधुनिक खेती के गुर सीखेंगे उत्तरकाशी के 52 किसान, जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी, 13 मार्च 2026
जनपद के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों से रूबरू कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा आज नमामि गंगे प्राकृतिक कृषि कॉरिडोर योजना के तहत जिले के 52 प्रगतिशील किसानों के एक दल को हरी झंडी दिखाकर पंतनगर के लिए रवाना किया गया। यह दल ऊधमसिंह नगर के पंतनगर में आयोजित ‘अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी’ (कृषि कुंभ) में प्रतिभाग करेगा। 13 मार्च से 16 मार्च तक चलने वाले इस प्रसिद्ध मेले में किसान आधुनिक खेती के विभिन्न आयामों का अवलोकन करेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती में नवाचार समय की मांग है। इस प्रकार के भ्रमण कार्यक्रमों से किसानों को न केवल उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलती है, बल्कि वे कृषि विशेषज्ञों से मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मेले से प्राप्त जानकारी का उपयोग कर जनपद के किसान अपने उत्पादन और आय दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि करने में सफल होंगे।
मुख्य कृषि अधिकारी एस.एस. वर्मा ने बताया कि नमामि गंगे प्राकृतिक कृषि कॉरिडोर योजना के अंतर्गत किसानों को 13 मार्च से 16 मार्च 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम में प्रतिभाग कराया जा रहा है। इस दौरान किसान विभिन्न कृषि प्रदर्शनी, उन्नत तकनीकों, प्राकृतिक खेती के मॉडल तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से नई जानकारियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे कृषि कॉरिडोर परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीन तकनीकों और उन्नत कृषि मॉडलों से जोड़ना है।
इस अवसर पर पीडी डीआरडीए अजय सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी एस.एस. वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
