16 वर्ष से फरार आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार, बड़कोट पुलिस टीम को 5 हजार का इनाम:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 14 मार्च 2026
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे एक मफरूर आरोपी को बड़कोट पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में वांछित, फरार और मफरूर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बड़कोट पुलिस ने यह सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार मई 2010 में थाना बड़कोट में धारा 363 और 366 आईपीसी के तहत नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। बाद में पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की धारा 376 आईपीसी भी जोड़ी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर लिया था, लेकिन आरोपी प्रताप विश्वास वर्ष 2010 से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदलता रहा। आरोपी की लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर सितंबर 2010 में पुलिस ने न्यायालय में मफरूरी में चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद मार्च 2011 में न्यायालय ने उसे मफरूर घोषित कर दिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र के निर्देशन में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने पतारसी, सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से लगातार प्रयास करते हुए 12 मार्च 2026 को आरोपी प्रताप विश्वास को ग्राम चित्रांव, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया। आरोपी वहां एक निजी क्लिनिक चला रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेएम (1) जयसिंहनगर, शहडोल के न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया। इसके बाद 14 मार्च 2026 को उत्तरकाशी न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रताप विश्वास पुत्र विकास विश्वास, निवासी ग्राम उत्तर इनायतपुर, थाना चकदाह, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल), हाल निवासी ग्राम चित्रांव, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश), उम्र 39 वर्ष।
पुलिस टीम में शामिल:
उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत
हेड कांस्टेबल अनिल रावत
कांस्टेबल प्रवीन नेगी
16 वर्षों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन के लिए 5 हजार रुपये का पारितोषिक प्रदान किया।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
