रिवर चैनेलाइजेशन और नहरों के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश : जिलाधिकारी प्रशांत आर्य:----ब्यूरो, बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी, 11 मार्च 2026
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सिंचाई विभाग उत्तरकाशी, पुरोला और अवस्थापना खंड के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में निर्माणाधीन नहरों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों और अवस्थापना सुविधाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चालू परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि किसानों और स्थानीय जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों के विपरीत सामग्री का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिन योजनाओं में तकनीकी बाधाएं या भूमि संबंधी विवाद हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आपसी समन्वय से सुलझाने को कहा, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों।
आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में तटबंध निर्माण और नहरों की सफाई का कार्य समय से पहले पूरा कर लिया जाए। साथ ही नदी तटवर्ती क्षेत्रों और कृषि भूमि को कटाव से बचाने के लिए रिवर चैनेलाइजेशन कार्यों पर विशेष फोकस करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नदियों और गदेरों में जमा मलबे की सफाई कर उनके प्रवाह को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि बाढ़ की स्थिति में पानी आबादी वाले क्षेत्रों या खेतों में न घुसे और संभावित नुकसान से बचाव किया जा सके।
बैठक में ईई सिंचाई खंड उत्तरकाशी सचिन सिंघल, ईई पुरोला पन्नी लाल, ईई अवस्थापना खंड मंजू डेनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
