सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्त हुए जिलाधिकारी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश उत्तरकाशी :----- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 11 मार्च 2026
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सीएम हेल्पलाइन की नियमित मॉनिटरिंग करते हैं, इसलिए सभी विभाग शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बताया गया कि 36 दिनों से अधिक समय से विभिन्न विभागों में कुल 116 शिकायतें लंबित हैं। इनमें पेयजल निगम की 29, विद्युत विभाग की 10, राजस्व की 6, लोक निर्माण विभाग की 5 तथा पीएमजीएसवाई की 5 शिकायतें शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री जन समर्पण पोर्टल पर भी 24 शिकायतें लंबित पाई गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कई शिकायतें विभिन्न विभागों से जुड़ी होती हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करें। यदि किसी शिकायत के समाधान में एक से अधिक विभागों की भूमिका है तो संबंधित विभाग मिलकर उसका निराकरण करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों में व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सामुदायिक समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसी समस्याएं जो अधिक लोगों को प्रभावित करती हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम जनता की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्या सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे स्वयं पोर्टल पर लॉगइन कर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें। केवल अधीनस्थ कर्मचारियों पर निर्भर रहने के बजाय अधिकारी व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला, ईई यूपीसीएल मनोज गुसाईं, ईई लोनिवि रजनीश सैनी सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
