जनता दर्शन में डीएम सविन बंसल का त्वरित एक्शन: 212 से अधिक शिकायतों का प्रभावी निस्तारण, जरूरतमंदों को मिली राहत:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
देहरादून, 06 अप्रेल 2026
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आज जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम में 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
दिव्यांग बुजुर्ग को राहत: पानी का बिल माफ
छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने अपने ऊपर आए ₹31,657 के पानी के बिल को माफ करने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र वर्षों से लापता है और दो पोतों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जल संस्थान ने मामले की जांच कर ब्याज राशि ₹11,487 माफ की तथा वन टाइम सेटलमेंट के तहत शेष ₹20,170 की धनराशि ‘राइफल फंड’ से जमा कर राहत प्रदान की गई।
मीना बंसल को न्याय की दिशा
विकासनगर निवासी मीना बंसल ने अपने पुत्र की वर्ष 2023 में होटल दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को संबंधित नियोक्ता फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और लेबर कोर्ट में वाद दायर कर 2 माह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पारिवारिक उत्पीड़न मामले में त्वरित संज्ञान
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग दंपति नीलम अरोड़ा और उनके पति ने अपनी पुत्रवधू द्वारा मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट ऋषिकेश में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।
रोशनी रावत की बेटियों को शिक्षा का सहारा
धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने अपनी दो बेटियों की शिक्षा और पालन-पोषण में आ रही आर्थिक दिक्कतों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि दोनों बालिकाओं की शिक्षा “प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा” के तहत सुनिश्चित की जाए, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिल सके।
हर्रावाला में नहर क्षतिग्रस्त: जांच के आदेश
हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी नहर को जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है और गेहूं की फसल को नुकसान हो रहा है। जिलाधिकारी ने इस मामले में अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनविश्वास में बढ़ोतरी, उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित जनता दर्शन कार्यक्रम में लगातार बढ़ती जनभागीदारी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपस्थित अधिकारी
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
