हरकीदून घाटी में वेलियम वाइस स्कूल के छात्रों का रोमांचक शैक्षिक भ्रमण, प्रकृति और संस्कृति से हुआ साक्षात्कार:---बयूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
मोरी 1 अप्रैल 2029
देहरादून के प्रतिष्ठित वेलियम वाइस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने हाल ही में उत्तरकाशी जनपद की प्रसिद्ध हरकीदून घाटी में आयोजित तीन दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के दौरान प्रकृति, रोमांच और स्थानीय संस्कृति का अद्भुत अनुभव प्राप्त किया। यह ट्रेकिंग एवं शैक्षिक भ्रमण हिमालयन हाइकर्स टीम के कुशल मार्गदर्शन और सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विद्यालय के चार अध्यापकों और लगभग एक दर्जन छात्रों के दल ने हिमालयन हाइकर्स के बैनर तले इस ट्रेकिंग अभियान में भाग लिया। टीम ने अपने साहसिक सफर की शुरुआत सांकरी से की और पहले दिन देवसू बुग्याल की ओर प्रस्थान किया। कठिन पहाड़ी रास्तों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा पूरी की।
अगले दिन प्रातः 4 बजे दल ने बनिया टॉप के लिए ट्रेक आरंभ किया। ऊंचाई, ठंड और चुनौतीपूर्ण मार्ग के बावजूद छात्रों और अध्यापकों ने सफलतापूर्वक ट्रेक पूरा किया। इस दौरान हिमालयन हाइकर्स टीम द्वारा भोजन, ठहरने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई, जिसकी सभी प्रतिभागियों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
बनिया टॉप पहुंचने पर छात्रों ने हिमालय की भव्य पर्वत श्रृंखलाओं का विहंगम दृश्य देखा, जिसमें स्वर्गारोहिणी पर्वत, बंदरपूंछ पर्वत, चांगशील रेंज, भराड़सर रेंज सहित अनेक हिमाच्छादित चोटियां शामिल हैं। इन मनोहारी दृश्यों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने देवदार और भोजपत्र के घने जंगलों, बर्फ से ढकी पर्वत श्रृंखलाओं, कल-कल बहती नदियों और समृद्ध जैव विविधता का नजदीक से अनुभव किया। प्राकृतिक वातावरण में ट्रेकिंग करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व और जिम्मेदार पर्यटन की आवश्यकता को भी गहराई से समझा।
शनिवार को टीम ने सौड़ गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया। यहां छात्रों ने स्थानीय लोगों के जीवन, पारंपरिक रीति-रिवाज, खान-पान और आत्मनिर्भर जीवनशैली को करीब से जाना। ग्रामीण जीवन की सादगी और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की कला ने छात्रों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
हिमालयन हाइकर्स टीम के प्रशिक्षक चैन सिंह रावत ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने छात्रों को केदारकांठा, बंदरपूंछ और चांगसील जैसे प्रमुख ट्रेकिंग स्थलों की भी जानकारी दी।
विद्यालय के अध्यापक अरुण शर्मा ने कहा कि हरकीदून घाटी और इसके बुग्यालों की अनुपम सुंदरता जीवनभर याद रहने वाली है। यह भ्रमण छात्रों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं छात्र मुकुल गौतम ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक और रोमांचकारी अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।
इस ट्रेकिंग अभियान में अरुण शर्मा, अंकुर अग्रवाल, गुंजन सिंह सहित अध्यापकगण तथा निशांत अग्रवाल, युवराज गुप्ता, रितिक राज, गोविंद राठौड़ समेत एक दर्जन विद्यार्थी शामिल रहे। वहीं हिमालयन हाइकर्स टीम से चैन सिंह रावत, कमलेश रावत, नरेंद्र पंवार, बृजमोहन राणा, बबलू लाल और कमल थापा ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों के लिए केवल साहसिक यात्रा नहीं रहा, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण की समझ और स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी साबित हुआ।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
