चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा, ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण की भी होगी व्यवस्था: कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा :---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
चारधाम यात्रा से पहले सड़कों के सुधारीकरण के निर्देश, डामटा बैरियर हटेगा
उत्तरकाशी, 7 अप्रैल 2026
आगामी चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जनपद उत्तरकाशी में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंगलवार को संबंधित विभागों, मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन, बस एवं टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान गंगोत्री नेशनल हाईवे सहित विभिन्न यात्रा मार्गों की स्थिति की समीक्षा की गई। स्थानीय हितधारकों ने आपदा से प्रभावित चढ़ेथी, लिमच्यागाड़ एवं गंगनानी जैसे संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने और पूरे मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी सड़कों का सुधारीकरण कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए।
होटल एसोसिएशन द्वारा यात्रियों की संख्या पर लगी सीमा हटाने की मांग पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में डामटा और कटॉपत्थर पुलिस बैरियर हटाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर मंत्री ने एसपी को डामटा बैरियर तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जबकि कटॉपत्थर बैरियर को भी शीघ्र हटाने का भरोसा दिया गया।
इसके अतिरिक्त होटल एसोसिएशन ने चारधाम यात्रा अवधि में विशेष पैकेज के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। मंत्री ने संबंधित विभागों को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग पर स्वच्छता एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मंत्री ने सुलभ शौचालयों की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने शौचालयों में तैनात कर्मियों का सत्यापन कर तीन दिन के भीतर सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने के लिए मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि यात्रा क्षेत्र में मांस एवं मदिरा का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की उल्लंघन की स्थिति में पुलिस को कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक से पूर्व मंत्री ने मत्स्य विभाग के कार्यक्रम में भाग लेते हुए मत्स्यपालकों को आईस बॉक्स वितरित किए। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे स्थानीय मत्स्यपालकों को अपनी उपज सुरक्षित रखने एवं बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे आईटीबीपी एवं स्थानीय बाजारों में ताजी मछली की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी और मत्स्यपालकों की आय में वृद्धि होगी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह, विधायक सुरेश चौहान, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, दर्जा राज्य मंत्री प्रताप पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मंदिर समिति एवं परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
