नौगांव 7 अप्रेल 2026
राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में मंगलवार को नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर “प्रवेशोत्सव” कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का पुष्प-गुच्छ एवं मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेश रावत ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय परिवार से परिचित कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन एवं समस्त शिक्षकगण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ हर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत “सेल्फी प्वाइंट” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के संयोजक एवं कला शिक्षक सुरक्षा रावत द्वारा विद्यार्थियों के सहयोग से आकर्षक सेल्फी प्वाइंट तैयार किया गया, जहाँ नए छात्र-छात्राओं ने स्मृति स्वरूप फोटो खिंचवाए। इस पहल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
नवीन सत्र में कक्षा-6 में अक्षित, हर्ष, प्रिया, शिवांश, दिव्या एवं लवंश, कक्षा-7 में अंशुल तथा कक्षा-9 में अंशिका ने प्रवेश लिया। विद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने भी अपने नए साथियों का उत्साहपूर्वक स्वागत कर उन्हें अपनत्व का अनुभव कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण—अनिल बहुगुणा, राजेश शोकटा, प्रकाश भंडारी, नितेश चौहान, दीवान सिंह नेगी, राजेश, इंदर सिंह नेगी, दीपिका जैन, कुसुम रावत, बिशंबर नौटियाल, सुरक्षा रावत, श्रीप्रकाश नौटियाल, देवी सिंह रांगड़ सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व नवीन शिक्षण सत्र की पहली बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें नई समय सारणी, वार्षिक पंचांग, विभिन्न प्रभारों के निर्धारण तथा विद्यालय के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी शिक्षकों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए और आपसी समन्वय के साथ विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन सभी के सहयोग एवं उज्ज्वल शैक्षणिक सत्र की कामना के साथ किया गया।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
