रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तरकाशी द्वारा राइका कण्डारी में जूता वितरण, जरूरतमंद छात्रों को मिली राहत :--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
नौगांव 6 अप्रेल 2026
समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तरकाशी की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी, नौगांव में एक सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को स्कूली जूते वितरित किए गए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश रावत ने बताया कि कक्षा 6, 7 एवं 8 के सभी विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य कक्षाओं के जरूरतमंद बच्चों को भी इस पहल के तहत लाभान्वित किया गया। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी शिक्षा में भी सकारात्मक प्रभाव डालती हैं।
रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं शिक्षक सुरक्षा रावत ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, राज्य समन्वयक ओमकार बहुगुणा, अध्यक्ष माधव जोशी तथा जनपदीय कार्यकारिणी का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
सुरक्षा रावत ने जानकारी दी कि रेड क्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में नशा मुक्ति विषय पर प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को आवश्यक सामग्री एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रवक्ता राजेश का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अनिल बहुगुणा, राजेश शोकटा, प्रकाश भंडारी, बिशंबर नौटियाल, रमेश लाल, दीवान सिंह, इंदर नेगी, श्रीप्रकाश नौटियाल, दीपिका जैन, कुसुम रावत, देव सिंह रांगड़, सुरक्षा रावत, कुलभूषण गौड़ सहित विद्यालय परिवार के सदस्य (अध्यापकगण ) एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने न केवल जरूरतमंद विद्यार्थियों को राहत पहुंचाई, बल्कि समाज में सहयोग और सेवा की भावना को भी सुदृढ़ किया।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
