हरिपुर कालसी में गूंजा मां यमुना का जयघोष
मुख्यमंत्री धामी ने मां यमुना की प्रतिमा का किया अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और मां यमुना-कृष्ण मंदिर का शिलान्यास:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट
कालसी17 सितम्बर 2026
हरिपुर कालसी में मां यमुना के पावन तट पर गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण नजर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिपुर कालसी पहुंचकर मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने हरिघाट का लोकार्पण तथा मां यमुना-कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और यमुना आरती का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ मां यमुना की आरती में श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान यमुना तट पर कुल 2100 दीप प्रज्वलित किए गए। एक साथ जगमगाए दीपों की रोशनी से यमुना तट का वातावरण भव्य और आध्यात्मिक आभा से भर उठा।
मां यमुना की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और मां यमुना-कृष्ण मंदिर का शिलान्यास क्षेत्र के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से कालसी की धार्मिक पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मां यमुना के तट पर दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उनके साथ साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी दीप प्रज्वलित किए।
2100 दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से यमुना तट रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं के साथ मां यमुना की आरती में प्रतिभाग किया। पूरे आयोजन के दौरान यमुना तट पर श्रद्धा और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन सनातन परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हनोल मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जौनसार-बावर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। हनोल मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से धार्मिक पर्यटन से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लाखामंडल सहित जौनसार क्षेत्र के अन्य ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन की संभावनाओं को विकसित किया जा रहा है।
धार्मिक पर्यटन से स्थानीय आर्थिकी को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास करना नहीं है, बल्कि विकास कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाना भी है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन, खान-पान और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर की विशिष्ट लोक संस्कृति, परंपराएं, वास्तुकला और प्राकृतिक सौंदर्य उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर हैं। विकास कार्यों के साथ इन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
आस्था, विरासत और विकास का संगम बन रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है। चारधाम के साथ ही प्रदेश के विभिन्न पौराणिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कालसी, हनोल, लाखामंडल और जौनसार-बावर क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड की आस्था और आध्यात्मिक विरासत आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के साथ जुड़कर प्रदेश के विकास तथा स्थानीय रोजगार का आधार बने।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न साधु-संत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
