लोकरत्न हिमालय सम्मान से सम्मानित हुए देहरादून डीएम सविन बंसल:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
देहरादून, 07 जुलाई 2025
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को उनकी असाधारण निर्णय क्षमता और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए लोकरत्न हिमालय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्वतीय बिगुल सामाजिक सांस्कृतिक संस्था के 29वें स्थापना दिवस पर प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी को यह सम्मान रणसिंघा व ढोल-दमाऊ का प्रतीक चिन्ह, अभिनंदन पत्र और शॉल भेंट कर पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, लोकगायिका मीना राणा तथा राज्य आन्दोलनकारियों सहित कई विशिष्टजनों द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत बना दिया।
सम्मान प्राप्त करते हुए डीएम श्री बंसल ने संस्था और प्रदेश की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “यह सम्मान मेरे लिए उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उन्हें जनसेवा का अवसर मिला है, और वे इस सम्मान को प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं को समर्पित करते हैं, जो जनसेवा के कार्य में निरंतर समर्पित हैं।संस्था के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रदीप भण्डारी ने जानकारी दी कि संस्था 1997 से लोकसेवा, संस्कृति, शिक्षा व पर्यावरण संरक्षण में कार्यरत विभूतियों को यह सम्मान देती रही है। पूर्व में यह सम्मान रस्किन बॉन्ड, नरेन्द्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण, व हरिदत्त भट्ट शैलेश जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को भी दिया जा चुका है।डीएम सविन बंसल द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों में –132 भिक्षावृत्त बच्चों को स्कूल भेजना,
निःशुल्क सारथी वाहन सेवा की शुरुआत,
विधवा महिला को बैंक के कब्जे से मुक्ति,
आईएसबीटी जलभराव समाधान,
भूमि मालिकों को न्याय दिलाना,
राज्य आंदोलनकारियों के हितों के लिए कार्य आदि शामिल हैं।
उन्होंने सामाजिक विकारों पर चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों को अपनी लोक संस्कृति व पारिवारिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि परिवार और समुदाय ही उनके व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला होते हैं।
कार्यक्रम में पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, मीना राणा, आंदोलनकारी मंच अध्यक्ष जगमोहन नेगी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेन्द्र कंडारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मीना आर्य एवं हेमंत बुटोला की टीम ने लोकगीतों से कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया। संचालन मोहसिन अहमद तन्हा व रवि सिंह ने किया।प्रेक्षागृह में विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जो कार्यक्रम की भव्यता का प्रमाण थी।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
