मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम सविन बंसल :----- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
आपदा, कोई मुसीबत या किसी अनहोनी को सबसे पहले न्यून करना जिला प्रशासन का ही दायित्व : डीएम
आपदा पीड़ितों से मिले डीएम, हर संभव मदद का दिया भरोसा, प्रशासन हरदम खड़ा
सुरक्षित स्थानों में किराए पर शिफ्ट होने पर प्रति परिवार 4-4 हजार प्रतिमाह दिए जाएंगे
रेस्क्यू टीम की मदद से कार्लीगाड, मजयाडी से 70 लोग सुरक्षित निकाले गए
देहरादून में अतिवृष्टि से 13 मृतक, 03 घायल व 16 लापता
देहरादून, 16 सितंबर 2025
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को देहरादून शहर के मालदेवता, सहस्रधारा, मजयाडा और कार्लीगाड सहित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से भेंटकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। निरीक्षण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और सीडीओ अभिनव शाह भी मौजूद रहे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाते हुए सड़कों, पुलों और संपर्क मार्गों को तुरंत सुचारू किया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में फूड पैकेट, ड्राई राशन और राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर बहाल किया जाए।
अतिवृष्टि से देहरादून में जनहानि, पशुहानि और संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। कार्लीगाड में फंसे 70 लोगों को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मजयाडा क्षेत्र में तीन लोग मलबे में दबे और एक व्यक्ति लापता बताया गया। यहां कई आवासीय भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र, दुकानें, होटल और रेस्टोरेंट क्षतिग्रस्त हुए हैं। सहस्रधारा-कार्लीगाड मोटर मार्ग नौ स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है।
चामासारी स्थित राहत शिविर में प्रभावित लोगों को ठहराया गया है। डीएम ने कहा कि यदि प्रभावित परिवार किराए पर सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट होना चाहते हैं तो उन्हें तीन माह तक प्रति परिवार 4-4 हजार रुपये किराया सहायता दी जाएगी।
जिला आपदा परिचालन केंद्र के अनुसार:
13 व्यक्तियों की मृत्यु
03 व्यक्ति घायल
16 लापता
13 पुल, 10 पुलिया, 02 मकान, 31 दीवार, 02 अमृत सरोवर, 12 खेत, 12 नहर, 21 सड़कें, 07 पेयजल योजना, 08 हॉज, 24 पुस्ता सहित सरकारी एवं निजी परिसंपत्तियों को भारी नुकसान।
ब्यूरो:---- बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
