जिलाधिकारी व विधायक ने गैचाणगांव व आराकोट बंगाण में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण:---- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
मोरी उत्तरकाशी 15 सितम्बर 2025
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य लगातार तीसरे दिन आपदाग्रस्त क्षेत्रों के दौरे पर रहे। उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और राहत व पुनर्वास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। सोमवार को जिलाधिकारी एवं क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने पुरोला विधानसभा के गैंच्वांण, दड़गांण तथा आरकोट बंगाण के आपदा प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
प्रातः गैंच्वांण व दड़गांण गांव में ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल सुचारू कराने, गांव के ऊपर हो रहे भू-धसाव को रोकने, विद्युत व पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं आपूर्ति बहाल करने की मांग की।उसके उपरांत आरकोट बंगाण में ग्रामीणों ने आराकोट–चिंवा सड़क मार्ग, शहीद दिनेश रावत गमरी–मैजणी मोटर मार्ग, मौडा–बलावट सड़क मार्ग व किरणु–दुचानु मोटर मार्ग को शीघ्र आवागमन योग्य बनाने की मांग रखी। साथ ही मलाना, मोलडी, बरनाली, जाकटा, चिंवा व बलावट क्षेत्रों में भूस्खलन रोकने के सुरक्षात्मक कार्य तथा टिकोची बाजार को बचाने के लिए टिकोची खड्ड में बाढ़ सुरक्षा कार्य करने की मांग प्रमुखता से की।
ग्रामीणों ने बलावट में पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र व पटवारी चौकी की मरम्मत, थापली–बलावट एवं बलावट–चिंवा संपर्क मार्गों की बहाली, बलावट हेलीपैड का विकास कराने की आवश्यकता जताई। बरनाली गांव के समीप मोटर पुल क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन से गांव को खतरा उत्पन्न हो गया है, जिस पर ग्रामीणों ने त्वरित सुरक्षात्मक कार्य की मांग की। साथ ही बागवानों ने सी-ग्रेड सेब के समर्थन मूल्य के अनुरूप विक्रय हेतु खकवाड़ी व टिकोची में कांटा लगाने की मांग भी रखी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा से हुए नुकसान एवं जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। अवरुद्ध मार्गों को प्राथमिकता पर खोलने, प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त पेयजल व विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही खतरे की जद में आए घरों के लिए सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित करने और सेब व अन्य फसलों की क्षति का आंकलन शीघ्र करने को कहा। बरनाली मोटर मार्ग पर हुए भारी भूस्खलन को देखते हुए भू-वैज्ञानिक सर्वे व स्थायी सुरक्षा कार्य तत्काल कराने के आदेश पीएमजीएसवाई को दिए।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ खड़ी है और सभी क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए विभागों को निर्देशित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुकेश रमोला, सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष ईश्वन पंवार, डॉ. राजेंद्र राणा, किशोर राणा , संजय रावत, विक्की रावत, प्रदीप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो :--- बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
