मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में डीएम ग्राउंड जीरो पर तत्पर:----- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
अतिवृष्टि में फंसे लोगों का रेस्क्यू, अब मूलभूत सेवाओं को बहाल करने में जुटा प्रशासन।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क एवं अन्य सुविधाएं प्राथमिकता पर बहाल हों - डीएम।
बांडावाली में अनधिकृत एप्रोच व रिजॉर्ट निर्माण से सरकारी संपत्ति को नुकसान, डीएम ने उच्च स्तरीय जांच की संस्तुति।
कोठालगेट में युद्धस्तर पर वैली ब्रिज का निर्माण कर मसूरी क्षेत्र की जनता को मिली बड़ी राहत।
देहरादून 18 सितम्बर, 2025
देहरादून जनपद में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास कार्यों की गति तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं।
👉 किसनपुर बांडावाली क्षेत्र में नदी का रुख मोड़कर अनधिकृत रूप से रिजॉर्ट निर्माण किए जाने से 150 मीटर सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई और लगभग 06 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ। जिलाधिकारी ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए उच्च स्तरीय जांच की संस्तुति की है।
👉 मालदेवता, खैरी धनौला, केशरवाला व अन्य प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को एप्रोच दुरुस्त कर आवागमन शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
👉 कोठालगेट के समीप क्षतिग्रस्त मोटर पुल के स्थान पर युद्धस्तर पर वैली ब्रिज का निर्माण कराया गया, जिससे मसूरी क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। अभी हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
👉 जिलाधिकारी ने साफ कहा कि प्रशासन आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावितों के साथ खड़ा है। क्यूआरटी टीमें लगातार फील्ड पर तैनात हैं और सभी विभाग सामूहिक प्रयास से राहत व पुनर्वास कार्य में जुटे हैं।
ब्यूरो:---बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
