31 दिसम्बर व नववर्ष के दौरान सैलानियों की सुरक्षा को लेकर उत्तरकाशी पुलिस मुस्तैद:----- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
उत्तरकाशी 29 दिसम्बर 2025
जनपद उत्तरकाशी प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण जनपद है। यहां श्री गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के साथ-साथ जानकीचट्टी, खरसाली, मुखवा, सांकरी, राड़ी टॉप, सुक्की टॉप, हर्षिल घाटी आदि अनेक आकर्षक एवं लुभावने पर्यटन स्थल स्थित हैं। नववर्ष एवं 31 दिसम्बर के अवसर पर इन पर्यटक स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानियों के आने की संभावना रहती है। इस वर्ष भी मोरी, सांकरी एवं हर्षिल घाटी में भारी संख्या में पर्यटकों के आगमन की संभावना को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पर्यटकों एवं सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों एवं हाई एल्टीट्यूड क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील मार्गों एवं स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
नववर्ष के जश्न की आड़ में कुछ शरारती तत्वों द्वारा हुड़दंगबाजी, रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास किए जाते हैं। ऐसे अराजक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर उत्तरकाशी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से सख्ती से निपटा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के द्वारा आमजन एवं पर्यटकों से नववर्ष का जश्न शालीनता एवं जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की गई है। साथ ही 31 दिसम्बर एवं नववर्ष के अवसर पर जनपद भ्रमण पर आने वाले सैलानियों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है—
▪️ पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
▪️ शराब पीकर वाहन न चलाएं एवं यातायात नियमों का पालन करें।
▪️ बर्फीले अथवा पाला-ग्रस्त क्षेत्रों में धीमी गति से वाहन चलाएं।
▪️ पर्याप्त स्टेफनी, आपातकालीन किट, आवश्यक दवाइयां तथा गर्म/ऊनी वस्त्र साथ रखें।
▪️ पर्यटक स्थलों पर नाइट स्टे की स्थिति में होटल या ठहरने की व्यवस्था पूर्व में सुनिश्चित करें।
▪️ अनावश्यक हुड़दंगबाजी से बचें एवं कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखें।
▪️ किसी भी आपात स्थिति या पुलिस सहायता हेतु डायल 112 पर संपर्क करें।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
