पुरोला में धूमधाम से मनाया गया एक दिवसीय जौनसार बाबर एवं जौनपुरी मरोज महोत्सव :--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस
पुरोला 29 दिसम्बर 2025
उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में जौनसार बाबर एवं जौनपुरी समुदाय द्वारा एक दिवसीय मरोज महोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं रंगारंग लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं बोली-भाषाओं का संरक्षण करते हुए उन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों द्वारा अपनी-अपनी स्थानीय बोली एवं भाषा में परिचय देने के साथ हुई, जिससे सांस्कृतिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात पारंपरिक लोक गीतों की मधुर धुनों पर प्रस्तुत तांदी नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे जौनसारी, बाबरी एवं जौनपुरी समुदाय के कलाकारों की प्रस्तुतियाँ महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहीं।
महोत्सव के दौरान जौनसार बाबर एवं जौनपुरी क्षेत्र की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को मंच के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। लोक गीत, लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समुदाय की समृद्ध विरासत को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
अन्य क्षेत्रों से आए दर्शकों एवं अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर महोत्सव अध्यक्ष देवराज तोमर सहित शीशपाल सिंह, सूरत सिंह चौहान, गम्भीर तोमर, कांतिराम जोशी, सुनील रावत, आकाश रावत, ब्रह्मदत्त जोशी, सुनील थपलियाल, लाल सिंह, अब्बल राणा, राकेश चौहान, प्रदीप दयाल, सरदार चौहान, बलबीर सिंह, वंशिवर जोशी, बलबंत सिंह, दिनेश चौहान, नरेंद्र सिंह, आत्माराम जोशी, नरेंद्र नेगी, अनंत जोशी, गंगाधर, विपिन, सुनील विष्ट, अभय प्रताप, वीरेंद्र सिंह, डॉ. कपिल तोमर, चतर सिंह, निधि चौहान, प्रशांत भंडारी, शरवीर चौहान, राहुल सिंह, सुनील शाह, सतेंद्र सिंह, आनंद सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
