सांकरी में केदारकांठा शीतकालीन महोत्सव का भव्य शुभारंभ , मुख्यमंत्री ने शीतकालीन पर्यटन को बताया आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव:--- ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस
मोरी उत्तरकाशी 24 दिसम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को
विकासखंड मोरी (उत्तरकाशी) के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांकरी में आयोजित केदारकांठा विंटर फेस्टिवल एवं टूरिज्म महोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों देशी-विदेशी पर्यटक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारकांठा, हरकीदून, देवक्यारा, चांईशील, भराड़सर ताल एवं आसपास के हिमालयी पर्यटन स्थल उत्तराखंड की पहचान हैं और ये स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पहाड़ों में पर्यटन केवल तीन महीने तक सीमित रहता था, लेकिन सरकार की शीतकालीन पर्यटन नीति के कारण अब बारहों महीने रोजगार और आय के अवसर सृजित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन पर्यटन आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे सीमांत गांवों में पलायन रुक रहा है और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है। शीतकालीन पर्यटन से लोक कलाकारों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पारंपरिक फजी टोपी, स्थानीय परिधान और केदार पात्री की सुगंधित माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्होंने विंटर फेस्टिवल के शुभारंभ अवसर पर दो दर्जन से अधिक पर्यटकों को हरी झंडी दिखाकर केदारकांठा ट्रेक के लिए रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांकरी लोकसंस्कृति का जीवंत संग्रहालय है। यहाँ की पारंपरिक लकड़ी की वास्तुकला, लोकगीत, लोकनृत्य और सरल पहाड़ी जीवनशैली उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को दर्शाती है। यह महोत्सव “विकास भी–विरासत भी” की सोच को साकार करता है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लव जिहाद और लैंड जिहाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने एक जुलाई से प्रदेशभर में समान शिक्षा नीति लागू करने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में पार्किंग निर्माण, सड़क परियोजनाएं, पुरोला उप जिला चिकित्सालय और तिलोथ विद्युत गृह जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही सिलक्यारा टनल हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि 17 दिन चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की संवेदनशीलता और संकल्प का प्रतीक है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगों का एक मांग-पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों का परीक्षण कर यथासंभव घोषणाओं में शामिल किया जाएगा तथा तटाऊ महाविद्यालय सड़क मार्ग को भी घोषणाओं में सम्मिलित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कौंल केदारी, विणासु मंदिर (पुरोला), जेयसाण तोक शिरगुल महाराज मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण प्रस्तावों को पूरा करने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत रमेश चौहान,जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र चौहान,दर्जा राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान,प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान,सीडीओ जयभारत सिंह,एसडीएम मुकेशचंद रमोला, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लाक प्रमुख रणदेब राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सतेंद्र सिंह राणा,मंडल अध्यक्ष शांकरी राजीव कुंवर, मोरी प्रेम चौहान,पुरोला रामचंद्र पंवार,ओबीसी मोर्चा चंडी प्रसाद बेलवाल,परशुराम जगूड़ी,भगत सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह देवजानी, मुकेश टम्टा, लोकेंद्र कंडियाल,जगमोहन सिंह, कृपाल राणा, नारायण सिंह चौहान,त्रेपन सिंह राणा सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, स्थानीय लोग,जनप्रतिनिधि, पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग एवं पर्यटक उपस्थित रहे।
ब्यूरो बंगाण एक्सप्रेस न्यूज
